
Agra Crime: महिला को अकेला समझ मारा कुंडल पर झपट्टा, परिजनों ने कर दिया बुरा हाल
आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के ककरैठा मार्ग पर एक युवक ने महिला के कान से कुंडल खींच लिया। महिला का शोर सुनकर लोग जुट गए। उन्होंने घेराबंदी करके युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ककरैठा की रहने वाली माया देवी मंगलवार रात को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम दफ्तर के पास स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में दर्शन करके घर जा रही थीं। गांव के मार्ग पर एक युवक पैदल आया। माया देवी के कान से कुंडल खींचकर भागने लगा। इस पर माया देवी ने शोर मचाया। पीछे आ रहे उनके परिवार के अन्य लोगों ने घेराबंदी करके युवक को पकड़ लिया।
सूचना पर पुलिस आ गई। लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। बुधवार को तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। थाना सिकंदरा पुलिस का कहना है कि आरोपी सुमित निवासी जगदीशपुरा था। उसको जेल भेज दिया गया है।