
Agra Police: पुलिसकर्मियों के घरों को चोरों ने बनाया निशाना, तीन आवासों के तोड़ दिए ताले
आगरा की पुलिस लाइन स्थित आवासों को बृहस्पतिवार रात चोरों ने अपना निशाना बना लिया। तीन आवासों के ताले तोड़कर चोरी कर ली, जबकि एक का सिर्फ ताला ही तोड़ पाए। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह हो सकी, जब घर के सदस्य आए। चोरी की जानकारी पर थाना शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छानबीन की है। आसपास के सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है।
पुलिस लाइन आगरा में आरटीसी के पास बने पुलिसकर्मियों के आवासों को चोरों ने निशाना बनाया। तीनों ही आवासों पर ताले लगे हुए थे। दो के चोरों ने ताले तोड़ कर चोरी कर ली, जबकि तीसरे आवास के चोर सिर्फ ताले ही तोड़ सके, उसमें से कुछ भी चोरी नहीं हुआ है। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह हो सकी, जब आसपास के लोगों ने ताले टूटे हुए देखे। मामले की जानकारी थाना शाहगंज पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंचे थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि आवास आरटीसी के पास बने हुए हैं। इनमें चोरी की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है, जिन आवासों में चोरी की बात कही गई है, उनमें अभी पुलिस कर्मियों के परिजन आए नहीं है, उनके आने पर ही चोरी में क्या सामान गया, इसका पता चल सकेगा। फिलहाल जांच की जा रही है।