
आजम खान पर और कसा शिकंजा, जौहर यूनिवर्सिटी पहुंची ईडी और राजस्व विभाग की टीम; जांच शुरू
समाजवादी पार्टी नेता आजम खान पर शिकंजा और कस गया है। बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और राजस्व विभाग की टीम जौहर विश्वविद्यालय पहुंची। ईडी आजम खान और अन्य के खिलाफ जमीन सम्बन्धी प्रकरणों की जांच कर रही है। इस मामले में ईडी की मदद के लिए तहसीलदार सदर ने नौ सदस्यीय टीम गठित कर दी है। बुधवार को टीम, मौका मुआइना के लिए जौहर विश्वविद्यालय पहुंची।
बता दें कि आजम खान, जौहर ट्रस्ट द्वारा संचालित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के चांसलर भी हैं। वह बीते करीब 26 माह से सीतापुर की जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ दर्ज विभिन्न मामलों में प्रवर्तन निदेशालय भी जांच कर रहा है। ईडी के डिप्टी डायरेक्टर ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के चांसलर मोहम्मद आजम खान और अन्य के खिलाफ जमीन संबंधित प्रकरणों की रिपोर्ट तलब की है। डीएम ने इस संबंध तहसीलदार सदर को आदेश दिए तो तहसीलदार सदर प्रमोद कुमार ने नौ सदस्यीय टीम का गठन करते हुए जमीन संबंधित प्रकरणों की जांच और सत्यापन के लिए 11 मई को 11 बजे का समय नियत किया था।
राजस्व टीम में ये हैं शामिल
नौ सदस्यीय टीम में नायब तहसीलदार सदर शिव प्रकाश सरोज, प्रभारी राजस्व निरीक्षक दरबारी लाल शर्मा, प्रभारी राजस्व निरीक्षक संजय गंगवार, क्षेत्रीय लेखपाल प्रेमपाल, लेखपाल फतेहपाल, मुकेश, नरेशपाल सिंह, रवि कुमार और सत्येंद्र प्रकाश शर्मा है