महिला सिपाही ने निभाया दोहरा फर्ज,गोद में 1 साल का बच्चा, कंधे पर कानून व्यवस्था

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में महिला सिपाही सोनिया वर्दी का फर्ज निभाते हुए भीषण धूप में भी अपने एक साल के बच्चे के साथ ड्यूटी कर रही हैं। महिला सिपाही अपने बच्चे को बैग के सहारे सीने से लगाए रहती हैं। महिला सिपाही के इस जज्बे को लोग सलाम कर रहे हैं। सोनिया के बारे में पता चलने पर मुरादाबाद के एएसपी सागर जैन ने सोनिया को उनके नवजात बच्चे की सुरक्षा और उचित देखभाल के लिए उनकी इच्छानुसार थाना सिविल लाइन से वामा सारथी परियोजना के तहत रिजर्व पुलिस लाइन में संचालित प्ले स्कूल में तैनात कर दिया है।
महिला सिपाही सोनिया मुरादाबाद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में तैनात थीं। 3 मई मंगलवार को शहर में भगवान परशुराम के जन्मोत्सव की शोभायात्रा निकल रही थी। इस शोभायात्रा में महिला सिपाही सोनिया भीषण धूप में ड्यूटी करती दिखीं। सोनिया अपने साथ अपने एक साल के बच्चे को भी लिए थीं। मां के साथ-साथ वर्दी का फर्ज निभा रही सोनिया की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गईं।
बुधवार को मामला जिले के पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया। इसके बाद महिला सिपाही को उनकी इच्छा के मुताबिक वामा सारथी परियोजना के तहत रिजर्व पुलिस लाइन में संचालित प्ले स्कूल में तैनात कर दिया गया। एएसपी सागर जैन ने बताया कि सोनिया को उनके नवजात बच्चे की सुरक्षा और उचित देखभाल के लिए उनकी इच्छा अनुसार थाना सिविल लाइन से वामा सारथी परियोजना के तहत रिजर्व पुलिस लाइन में संचालित प्ले स्कूल में तैनात कर दिया है। वह अपने बच्चे की उचित सुरक्षा और देखभाल के साथ प्ले स्कूल में आने वाले अन्य पुलिसकर्मियों के बच्चे को शिक्षा देकर अपनी ड्यूटी निभा सकेंगी।