*भारत की एक तिहाई आबादी रेड जोन में, तमिलनाडु लिस्ट में पहले नंबर पर*
*#नई दिल्ली:* चीन (China) से दुनियाभर में फैले कोरोना वायरस (Coronavirus) का असर अब भारत(India) में तेजी से देखने को मिल रहा है. भारत में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है. यही कारण है कि देश के 730 जिलों में से 170 जिलों को कोरोना वायरस हॉटस्पॉट (Hotspot) घोषित किया जा चुका है. बता दें कि जिन 170 जिलों को कोरोना वायरस हॉटस्पॉट घोषित किया गया है उनमें देश की 37 फीसदी आबादी रहती है. सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक तमिलनाडु के 37 में से 22 जिलों को रेड जोन में रखा गया है जो कि देश के किसी भी राज्य की तुलना में सबसे ज्यादा है।
देश के 730 जिलों का 29 फीसदी इलाका हॉटस्पॉट के तौर पर चिन्हित किया जा चुका है. ऐसे में देश की 1.21 बिलियन आबादी में से 453 मिलियन लोग हॉटस्पॉट जोन में रह रहे हैं। दिल्ली के 11 जिलों में से दस और महाराष्ट्र के 36 जिलों में से 14 रेड जोन में हैं. जबकि दिल्ली की आबादी के 87% (लगभग 14.5 मिलियन लोग) हॉटस्पॉट इलाकों में रहते हैं।
तमिलनाडु के अलावा पांच और राज्य जहां सबसे ज्यादा हॉटस्पॉट जिले हैं। उनमें महाराष्ट्र (इसके कुल 36 में से 14), उत्तर प्रदेश (75 में से 13), राजस्थान (33 में से 12) आंध्र प्रदेश (13 में से 11) जिले शामिल हैं. कुल मिलाकर 10 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं, जहां अधिकांश आबादी हॉटस्पॉट वाले जिले में रहती है। ये हैं चंडीगढ़ (100%), आंध्र प्रदेश (90%), दिल्ली (87%), तमिलनाडु (80%), तेलंगाना (66%), अंडमान और निकोबार (63%), महाराष्ट्र (60%), हिमाचल प्रदेश (53%), जम्मू और कश्मीर (53%) और लद्दाख (51%)