
पंचायत भवन पर पूर्व ब्लाक प्रमुख अलीगंज का था अवैध कब्जा
एटा – एसडीएम अलीगंज मानवेन्द्र सिंह ने तीन स्थानों पर राजस्व एवं पुलिस टीम के साथ भ्रमण कर सरकारी भूमि से अवैध कब्जे को हटवाया है। एसडीएम ने कहा कि शासन के निर्देश के क्रम में तहसील क्षेत्र में चकरोड, ग्राम सभा, तालाब आदि अन्य विभिन्न प्रकार की सरकारी भूमियों को अभियान चलाकर कब्जामुक्त कराया जा रहा है।
एसडीएम मानवेंद्र सिंह ने बताया कि अलीगंज ने सोमवार को ग्राम नगला बल्लभ परगना आजमनगर की गाटा संख्या 118 रकबा 4.549 हेक्टेयर भूमि जो अखिलेखों में चरागाह दर्ज है। इसकी तहसीलदार अलीगंज राकेश कुमार, नायब तहसीलदार विक्रम सिंह, राजस्व निरीक्षक व लेखपाल तथा पुलिस बल की उपस्थिति में निशानदेही कर दी गई है। इस भूमि में से 0.931 हेक्टेयर जिस पर अवैध कब्जा था, उसे हटवाया गया है।
एसडीएम अलीगंज ने बताया कि पुराहार बुलाकीनगर के गाटा संख्या 344 व 312 में स्थित क्षेत्रफल क्रमशः 0.072 हेक्टेयर व 0.445 हेक्टेयर भूमि ग्राम सभा व ऊसर को राजस्व, पुलिस टीम की ओर से कब्जामुक्त कराया गया। इसके साथ ही पुराहार बुलाकीनगर में ही नवीन पंचायत भवन जिस पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख ओमपाल सिंह का अवैध कब्जा था। इसको कब्जामुक्त कराकर ग्राम प्रधान एवं सचिव को सुपुर्द किया गया। पंचायत भवन के सामने मंडी समिति के शेड पर भी उक्त से अवैध कब्जा मुक्त कराते हुए बिना परमिट चल रही मशीन को जब्त किया गया। एसडीएम ने बताया कि अलीगंज क्षेत्र में यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।