
“पूर्व जिपंअ के खिलाफ अवैध कब्जे की शिकायत
एटा – एमएलसी आशीष यादव के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण 26 ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन”
एटा : सदर तहसील क्षेत्र के गांव आसपुर, पुरांव और लालडुंडवारा गांवों के ग्रामीण सोमवार को जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल से मिले और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए शिकायत की। ग्रामीण एमएलसी आशीष यादव के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे थे। जिलाधिकारी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
दोपहर के वक्त एमएलसी के नेतृत्व में 26 ग्रामीण डीएम से मिलने पहुंचे। भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन भी साथ थे। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत की कि उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है, जबकि इस जमीन के वे मालिक हैं। ग्रामीणों ने शिकायत में कहा है कि उनके साथ नाइंसाफी हो रही है, उनकी जमीन अवैध कब्जों से मुक्त कराई जाए। जिन ग्रामीणों ने शिकायत की है उनमें गांव पुरांव के फुलवारी, सूरजपाल, राजपाल, श्रीनिवास तथा लालडुंडवारा के गुरुदयाल, मुंशीलाल, संजू, नवाब सिंह, रूप सिंह, राजकिशोर, रामगोपाल, कमल सिंह, सुग्रीव व आसपुर के गीतम सिंह, सद्दीक, गुड्डू आदि शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जिलाधिकारी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। डीएम से मुलाकात करने के बाद ग्रामीण एसडीएम शिव कुमार से भी मिले। एसडीएम ने बताया कि ग्रामीणों ने शिकायत की है, जांच कर मामले का निस्तारण किया जाएगा।