शनिवार तड़के पांच बजे पुलिस ने घेराबंदी कर ई-कचरा जलाते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पुलिस ने नौ कट्टा ई-कचरा बरामद किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ वातावरण प्रदूषित करने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है। थाना प्रभारी भोजपुर ने बताया कि शनिवार तड़के करीब पांच बजे गांव रसूलपुर नगला खेमा के जंगल में कुछ युवक क्षेत्र में ई-कचरा जला रहे थे। आसपास की आबादी में ई-कचरे का धुआं पहुंचा तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची भोजपुर पुलिस ने घेराबंदी करके ई-कचरा जला रहे छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस को घटनास्थल से नौ कट्टे ई-कचरा बरामद हुआ। पुलिस ने मोहम्मद अशरफ पुत्र पीर बक्स नवापुरा, जावेद पुत्र इरफान, वसीम पुत्र नासिर, यासीन पुत्र अजीज निवासी गण भोजपुर, शमीम पुत्र रफीक निवासी घुइयां बाग मुरादाबाद, मो. फजल पुत्र कलवा निवासी दौलत बाग मुरादाबाद आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दे मामले की जांच शुरू कर दी।