केजीएमयू लखनऊ की लैब से शनिवार को आई सैंपलों की रिपोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग के साथ शहरवासियों को थोड़ी राहत का एहसास कराया। जिले के 242 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव और तीन लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली। इनमें जिलाधिकारी एस्कॉर्ट का ड्राइवर, गलशहीद थाने का सिपाही और बरवालान निवासी नेपाल से लौटा प्रवासी कारीगर शामिल है।
कोरोना की ताजा सैंपल जांच रिपोर्ट ने जिलाधिकारी कार्यालय से लेकर एमडीए कार्यालय तक हड़कंप मचाया। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण में कार्यरत 50 वर्षीय ड्राइवर की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। बंगलागांव का रहने वाला यह ड्राइवर पिछले काफी समय से डीएम कार्यालय से संबद्ध है। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की ओर से ड्राइवर के वहां तैनात नहीं होने और न ही प्राधिकरण की कॉलोनी में नहीं की बात कही गई है। उधर, ड्राइवर के बंगलागांव का निवासी होने के चलते यह इलाका हॉटस्पॉट के दायरे में आ गया। वहीं गलशहीद थाने में कार्यरत 31 वर्षीय सिपाही का सैंपल जांच में पॉजिटिव आया। इसके अलावा बरवालान निवासी 32 वर्षीय कारीगर जो पिछले हफ्ते नेपाल से लौटा वह जांच रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव आया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.मिलिंद चंद्र गर्ग ने बताया कि नेपाल से मुरादाबाद के कुछ और कारीगरों के वापस लौटकर आने की सूचना मिली है। इस कारीगर के संपर्क में आने वालों के साथ ही उन कारीगरों और उनके संपर्क में आए लोगों की भी कोरोना जांच कराई जाएगी। उधर, कोठीवाल नगर में कोरोना संक्रमण से प्रभावित धमीजा परिवार के एक सदस्य को कोरोना की आशंका में जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराकर उसका सैंपल लिया गया। इस शख्स की पत्नी और मां कोरोना संक्रमित हो चुकी हैं। तीन नए केस आने से मुरादाबाद जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 292 पहुंच गई।