
अब शहीद स्थल से मिलेंगी दिल्ली-कानपुर के लिए रोडवेज बसें
एटा। शहर के जीटी रोड पर सीवर लाइन डालने का काम एक अप्रैल से शुरू किया जाएगा। इसको लेकर यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। लोगों को दिल्ली और कानपुर जाने के लिए रोडवेज बसें अब शहीद स्थल से मिलेंगी। वहां से इन्हें बाईपास होकर रवाना किया जाएगा।
जल निगम द्वारा एक अप्रैल से जीटी रोड स्थित हाथी गेट से बस स्टैंड तक सीवर लाइन डालने का काम शुरू किया जाएगा। इस दौरान भारी वाहनों का शहर में प्रवेश बंद किया जाएगा। रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचने वाली बसों को रेलवे पुल के पास शहीद स्थल पर रोका जाएगा।
जहां से दिल्ली व कानपुर जाने वाले यात्रियों को बस सुविधा मुहैया कराई जाएगी। यहां से बसों को कासगंज रोड पर बने बाईपास से होकर दिल्ली व कानपुर के लिए निकाला जाएगा। वहीं आगरा से बरेली जाने वाली बसों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौराहा से होकर निकाला जाएगा।
शहर के अंदर से गुजरने वाले शिकोहाबाद मार्ग पर जाने वाले वाहनों को अलीगंज तिराहे से होकर निकाला जाएगा। दरअसल, शिकोहाबाद मार्ग वहां पर स्थित है जहां से सीवर लाइन खोदाई का काम शुरू किया जाएगा। यहां पर सड़क पर जाम लगने की संभावना कम है।
जल निगम के सहायक अभियंता रवींद्र कुमार ने बताया कि शहर में भारी वाहनों का प्रवेश दोपहर में प्रतिबंधित रहेगा। सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक शहर में भारी वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। रात आठ बजे के बाद सुबह पांच बजे तक प्रवेश दिया जाएगा।
शहर के जीटी रोड पर एक अप्रैल से सीवर लाइन डालने का काम किया जाएगा। इस दौरान बस स्टैंड पर जाने वाली बसों को बाईपास के माध्यम से निकाला जाएगा। इन्हें शहीद स्थल पर खड़ा किया जाएगा, जहां से यात्रियों को दिल्ली व कानपुर के लिए सेवाएं मिलेंगी।
आरके शर्मा, प्रभारी अधिशासी अभियंता, जल निगम