
मडराक में घर में ही कर दी बुजुर्ग की हत्या – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – मडराक क्षेत्र के गांव पड़ियावली में अपने मकान की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में चारपाई पर सो रहे एक बुजुर्ग पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। सिर व गर्दन पर प्रहार किए। पुलिस ने बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोपहर में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने स्वजन की तहरीर पर गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इसमें कोई रंजिश की बात नहीं है। हालांकि सीसीटीवी फुटेज में दो लोग कैद हुए हैं, जिनकी पहचान कराई जा रही है। मडराक कस्बा निवासी 80 वर्षीय देवीराम माहौर करीब 20 साल से क्षेत्र के गांव पड़ियावली में मकान बनाकर रह रहे हैं। इस मकान में नीचे परचून की दुकान है। ऊपरी मंजिल पर एक कमरा बना हुआ है। देवीराम ही दुकान संभालते हैं। इनके परिवार में पत्नी भूदेवी व पांच बेटे मुकेश, राजेंद्र, सुरेंद्र, सतीश व मोहन हैं। पांचों बेटों की शादी हो चुकी हैं। ये सभी मडराक वाले मकान में रहते हैं। शुक्रवार रात को देवीराम ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में चारपाई पर सो रहे थे। शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे अज्ञात लोगों ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया। बुरी तरह मारपीट की और भागने लगे। तभी मकान के सामने ताले की फैक्ट्री में काम करने वाले दुर्गेश की नजर आरोपितों पर पड़ गई। बदमाशों के भागने के बाद देवीराम के मकान से कराहने की आवाज आ रही थी। इस पर दुर्गेश ने यूपी-112 को सूचना दे दी। रात में ही स्वजन भी आ गए। देवीराम के सिर में गंभीर चोट थी,लहूलुहाल हालत में उन्हें जिला मलखान सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से क्वार्सी स्थित निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। यहां शनिवार दोपहर करीब दो बजे देवीराम की मौत हो गई। इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में देवीराम के बेटे सतीश की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।