
जेल में बंदियों से मुलाकात न होने पर परिजनों ने लगाया जाम
एटा। होली पर्व को लेकर शनिवार को जिला कारागार में बंदियों से मिलने काफी संख्या में परिजन पहुंचे। लेकिन मुलाकात कराने से मना कर दिया गया। ऐसे में परिजन गुस्सा हो गए और जेल के बाहर मार्ग पर बैठकर जाम लगा दिया। जेल अधिकारियों ने उन्हें समझाकर हटवाया।
कोरोना की तीसरी लहर में लगभग चार महीने पहले जेल में बंदियों से मुलाकात बंद करने का आदेश शासन से जारी किया गया था। उस समय से स्थानीय जेल में भी मुलाकात बंद कर दी गई थी। लेकिन होली के त्योहार पर शनिवार को काफी संख्या में महिलाएं व पुरुष अपने बंदी परिजन से मुलाकात करने के लिए जा पहुंचे।
उन्होंने मुलाकात कराने की बात कही। लेकिन जेल कर्मचारियों द्वारा शासन की गाइडलान का हवाला देते हुए मना कर दिया गया। इस पर महिलाएं व पुरुष हंगामा करने लगे। उनका कहना था कि कोरोना के कारण बहुत की पाबंदियां लगाई गईं थीं। लेकिन अब सबको हटा दिया गया है। ऐसे में जेल में मुलाकात क्यों नहीं कराई जा रही है।
इस दौरान महिलाएं व पुरुष जेल के बाहर सड़क पर बैठ गए। इससे वाहनों का आवागमन अवरुद्ध हो गया। सूचना पर कोतवाली नगर की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में जेल अधीक्षक अमित चौधरी सहित अन्य अधिकारियों ने आकर लोगों को समझाया। जिसके बाद लोग माने और सड़क से हट गए।
कोरोना के कारण शासन के निर्देश पर मुलाकात पर रोक लगाई गई थी। अभी इसको हटाने का आदेश नहीं मिला है। इसके चलते बंदियों के परिजन से मुलाकात कराने से मना किया गया। उन्हें समझा दिया गया है कि आदेश आने के बाद ही मुलाकात संभव है।