
आश्वासन पर माने पालिका कर्मी, खत्म किया अनशन
एटा। नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों को छह माह से वेतन नहीं मिलने की वजह से वह रविवार से क्रमिक अनशन और प्रदर्शन कर रहे थे। मंगलवार को तीसरे दिन वेतन दिए जाने के आश्वासन पर कर्मियों ने अनशन खत्म कर दिया और काम पर लौट आए। नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों को छह माह से वेतन नहीं मिला है। जिसकी वजह से उन्होंने रविवार से कचहरी रोड स्थित जलकल कार्यालय में धरना-प्रदर्शन और क्रमिक अनशन शुरू कर दिया था।
मंगलवार को तीसरे दिन भी कर्मचारियों का अनशन जारी रहा। दोपहर करीब एक बजे नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डॉ. दीप वार्ष्णेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने कर्मियों को आश्वासन दिया कि उनका दो माह का वेतन होली के बाद दे दिया जाएगा। सोमवार को एक माह का वेतन आपके खाते में भेज दिया गया है। इसके बाद सभी कर्मचारी क्रमिक अनशन समाप्त कर काम पर लौट आए।