
बेदाग छवि वाले कार्यकर्ताओं को तलाश रहे प्रत्याशी – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – चुनाव आयोग ने मतगणना को निष्पक्ष व शांतिपूर्वक संपन्न कराने को इस बार मतगणना एजेंटों की नियुक्ति करने को नियमों को काफी सख्त कर दिया है। इससे चुनाव मैदान में उतरे पार्टी प्रत्याशियों को मतगणना एजेंट की तैनाती के लिए भरोसेमंद व बेदाग छवि वाले कार्यकर्ताओं को तलाशा जा रहा है। इसको लेकर पार्टी कार्यालयों में माथापच्ची करने के साथ ही एजेंट की तैनाती के लिए अंतिम सूची तैयार की जा रही है। प्रशासन भी इस सूची में मौजूद लोगों का आपराधिक, सामाजिक व चारित्र का त्रिस्तरीय सत्यापन कराने के बाद ही अनुमति देगा।चुनाव आयोग ने मतगणना कार्य में किसी प्रकार का विघ्न न पड़े इसके लिए नये दिशा-निर्देश दिए हैं। साफ किया गया है कि मतगणना में सांसद, एमएलसी व अन्य जनप्रतिनिधि एजेंट नहीं बन सकेंगे। इतना ही नहीं आपराधिक व दबंग छवि वाले लोगों को भी एजेंट नहीं बनाया जाएगा। सभी मतगणना एजेंट बनाने से पहले ही उनका पुलिस से सत्यापन कराया जाएगा। बेदाग चरित्र मिलने पर ही उन्हें एजेंट बनाने को क्लीन चिट दी जाएगी।