
दो भाइयों के हत्यारोपित को मिली जमानत – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – रेलवे रोड पर दो सगे भाइयों के बहुचर्चित हत्याकांड में आरोपित कचौड़ी विक्रेता सुरेश कुमार की शुक्रवार को हाईकोर्ट से जमानत मंजूर हो गई। सुरेश करीब पांच साल से जेल में है। इस मामले की सुनवाई एडीजे-16 की अदालत में चल रही है, जिसमें गवाह भी मुकर चुके हैं। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने आरोपित को जमानत दी है। सोमवार तक सुरेश की रिहाई हो सकती है।सात अगस्त 2017 को रेलवे रोड पर इंद्रा मार्केट के पास मोहल्ला सराय बैरागी में दो सगे भाइयों वसीम व आशू की तंदनिया निवासी सुरेश कचौड़ी वाले ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। सुरेश की अप्सरा मार्केट के नुक्कड़ पर कचौड़ी की ढकेल है। सुरेश ने सराय बैरागी में किराये पर गोदाम ले रखा था। सुरेश ढकेल इसी गली में खड़ी करता था। ढकेल को लेकर वसीम उर्फ भीम का सुरेश से विवाद होता रहता था। मारपीट भी हुई थी। इसी के चलते सुरेश ने लाइसेंसी पिस्टल से वसीम को गोली मार दी। फिर उसके भाई आशू पर मैगजीन खाली कर दी थी। पुलिस ने सुरेश को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। पैरवरी कर रहे अधिवक्ता दीपक पाठक ने बताया कि मामले में सभी गवाह मुकर गए हैं। इसी आधार पर हाईकोर्ट में सुरेश की जमानत के लिए आवेदन किया था। इसे मंजूर कर लिया गया है। शनिवार को जमानती दाखिल किए जाएंगे। सोमवार को रिहाई हो सकती है।