
कार्मिक मतगणना को त्रुटिरहित एवं निष्पक्षता से सम्पन्न करायें – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – जनपद में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के अन्तर्गत 10 मार्च को कृषि उत्पादन मण्डी समिति धनीपुर में आयोजित होने वाली मतगणना को स्वतंत्र निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढ़ंग से सम्पन्न कराने के लिये कलैक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों, एसएसपी एवं समस्त आरओ के साथ बैठक का आयोजन किया गया।बैठक की अध्यक्षता करते हुये जिला निर्वाचन अधिकारी सेल्वा कुमारी जे. ने निर्वाचन प्रक्रिया के अंतिम पडाव मतगणना को अत्यन्त महत्वपूर्ण बताते हुये मतगणना की पवित्रता एवं पारदर्शिता को बनाये रखने एवं मतगणना जैसे तकनीकी कार्य को निष्पक्षता से त्रुटिरहित एवं कुशलतापूर्वक सम्पादित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जरा सी चूक एवं लापरवाही सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है, इसलिये मतगणना में गलती से भी गलती करना अक्षम्य है अतः मतगणना में लगे कार्मिकों को चाहिये कि वे निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का अक्षरशः पालन करके सटीकता से त्रुटिरहित एवं पारदर्शितापूर्ण मतगणना सम्पन्न करायें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सम्पूर्ण प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू है, ऐसे में विजयी प्रत्याशी जुलूस नहीं निकालेंगे।आरओ टेबिल पर एक समय में केवल प्रत्याशी या मतगणना अभिकर्ता ही रह सकेंगे। उन्होंने बताया कि सभी विधान सभाओं में 1-1 प्रेक्षकगण के साथ ही कोल एवं शहर विधानसभा के लिए मतगणना के दौरान भी अलग-अलग प्रेक्षक होंगे। जबकि मतदान के दौरान इन दो विधानसभा के लिए एक ही प्रेक्षक नामित थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने कहा कि अधिकारियों, मतगणना कार्मिकों एवं अभिकर्ताओं को प्रातः 06 बजे के बाद प्रवेश दिया जाएगा।लाउडस्पीकर के माध्यम से मतगणना प्रक्रिया को प्रसारित किया जाएगा।विजय जुलूस पूरी तरह से प्रतिबन्धित रहेगा।बैठक में एडीएम वित्त विधान जायसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार वर्मा, एसपी ट्रैफिक समेत समस्त आरओ, सम्बन्धित अधिकारीगण व रजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।