
ईंट से कूचकर झारखंड के युवक की निर्मम हत्या
एटा – रेलवे रोड स्थित मालगोदाम तिराहा पर शनिवार की सुबह कूड़े के ढेर में एक युवक का शव पड़ा मिला। ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर उसकी पहचान झारखंड निवासी युवक के रूप में हुई। हत्या ईंट से चेहरा कूचकर निर्मम तरीके से की गई है। मौके पर खून से सनी हुई ईंट भी पड़ी मिली है।
शनिवार सुबह आठ बजे के करीब मालगोदाम तिराहा पर एक व्यक्ति सड़क किनारे रखे लकड़ी के खोखा के पीछे गया तो उसे वहां कूड़े के ढेर में शव पड़ा नजर आया। पास में शराब के खाली पैक पड़े थे। उसने मामले की जानकारी कोतवाली नगर पुलिस को दी। सूचना पर एसएसपी उदय शंकर सिंह व सीओ सिटी कालू सिंह मौके पर पहुंचे। मृत युवक के कपड़ों की जेबों की तलाशी ली गई। एक जेब से ड्राइविंग लाइसेंस मिला। जिस पर मोहम्मद कादिर अंसारी निवासी मोहंदी घटियाली जनपद बोकारो, झारखंड दर्ज था। अधिकारियों ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच कराई। डॉग स्क्वैड टीम के कुत्ते को शव के पास पड़ी खून से सनी ईंट को सूंघाया गया। इसके बाद कुत्ता विद्युत निगम कार्यालय में घुसा, बाद में वहां से वापस आ गया।
ठेकेदार से शिनाख्त कराने का किया प्रयास
पुलिस को जानकारी मिली कि झारखंड के ठेकेदार द्वारा रेलवे लाइन पर कार्य कराया जा रहा है। यहां कुछ मजदूर झारखंड के रह रहे हैं। इस पर ठेकेदार को बुलाया गया। ठेकेदार ने मृतक को पहचानने में असमर्थता जताई। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के लिए झारखंड पुलिस से भी संपर्क किया। उसकी फोटो संबंधित थाना पुलिस को भेजी गई है। लेकिन अभी तक वहां से कोई जानकारी नहीं मिली है।
शनिवार सुबह जानकारी मिली थी कि युवक का शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस ने वहां पहुंचकर पड़ताल की। उसकी जेब से ड्राइविंग लाइसेंस मिला है। हत्या मानते हुए मामले की जांच की जा रही है। शिनाख्त कराने के प्रयास जारी हैं।
कालू सिंह, सीओ सिटी