*नोएडा पुलिस 1500 पॉर्न साइट्स का डेटा खंगालेगी, यह होगी वजह -*
नोएडा पुलिस रिवेंज पॉर्न के मामले की तह तक जाने के लिए डेढ़ हजार से ज्यादा पॉर्न साइट का डेटा खंगालेगी, ताकि आरोपी अर्घ चक्रवती से जुड़े लोगों को पता लगाया जा सके। इसके अलावा छानबीन की जाएगी कि पीड़िता की अश्लील वीडियो और फोटो कितनी पॉर्न साइट पर अपलोड और बेची गईं। नोएडा साइबर सेल ने तकनीकी स्तर पर छानबीन शुरू कर दी है।
फेज तीन थानाक्षेत्र की सोसाइटी निवासी महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी कि अर्घ चक्रवती द्वारा उनकी अश्लील वीडियो और फोटो पॉर्न साइट पर अपलोड की जा रही हैं। जब महिला को उनके दोस्तों ने पॉर्न वीडियो के लिंक भेजे तो उन्हें वारदात का पता चला। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी शिकायतकर्ता महिला का पूर्व प्रेमी है।
पुलिस ने आरोपी को पश्चिम बंगाल के बरुयपुर स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया था। जांच में पता चला कि आरोपी ने वीडियो और फोटो 300 पॉर्न साइट पर बेचे हैं। अब जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी डेढ़ हजार से ज्यादा पॉर्न साइट के संपर्क में था। पुलिस को शक है कि आरोपी ने सभी पर पूर्व प्रेमिका की वीडियो और फोटो बेची हैं। पुलिस इन्हीं साइट्स का डेटा खंगालने की तैयारी में है। साइट्स के बारे में आरोपी से पूछताछ की गई है। उसने कुछ साइट्स के नाम तो पुलिस को बता दिए हैं।
*वॉट्सऐप पर 500 लोगों को भेजी वीडियो*
डीसीपी महिला सुरक्षा वृंदा शुक्ला ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने पीड़िता को बदनाम करने के लिए वॉट्सऐप पर 500 से ज्यादा लोगों को अश्लील वीडियो और फोटो भेजी है। आरोपी ने एक वॉट्सऐप ग्रुप भी बना रखा था।
मानसिक तनाव में पीड़िता
आरोपी के द्वारा वीडियो वायरल करने के बाद पीड़ित मानसिक तनाव में आ गई है। उनके पास कई महीनों से अलग-अलग नंबर से कॉल आ रही है। पीड़िता की हालत को देखते हुए पुलिस ने उनके साथ बातचीत की। डीसीपी का कहना है कि आरोपी की हरकत से पीड़िता मानसिक तौर पर परेशान हो गई। इसके बाद पुलिस द्वारा पीड़िता की काउंसिलिंग की गई, ताकि वह अपने परिवार के साथ खुश रह सके।
*वॉट्सऐप ग्रुप पर जुड़े थे 300 से ज्यादा लोग*
आरोपी अर्घ चक्रवती रिवेंज पॉर्न के धंधे में शामिल करीब 300 लोगों से जुड़ा था। सभी ने वॉट्सऐप पर अपना एक ग्रुप बना रखा था। इसी ग्रुप पर आरोपियों के द्वारा अश्लील वीडियो और फोटो शेयर की जाती थी। यहां से ही वीडियो और फोटो की कीमत तय होती थी। इसके बाद वीडियो को पॉर्न साइट पर बेच दिया जाता था।
*सोशल मीडिया से हटाई वीडियो और फोटो-*
आरोपी ने बताया कि उसने पॉर्न साइट के अलावा ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर भी युवती की अश्लील वीडियो और फोटो शेयर किए हैं। पुलिस ने सभी जगह से संबंधित वीडियो व फोटो हटवा दिए हैं। वहीं आरोपी से उसके साथियों के बारे में भी पूछताछ की गई है, ताकि उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके ।