
किशोरी ने खुद को लगाई आग, मौत – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – जवां क्षेत्र के गांव नगौला में रविवार की रात एक किशोरी ने खुद को आग लगा ली। गंभीर हालात में परिजन मेडिकल कालेज लेकर पहुंचे, जहां सोमवार को मौत हो गई। आग लगाने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजन पूरे घटनाक्र म को हादसा बता रहे हैं। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वाकये के अनुसार गांव नगौला निवासी एक 15 वर्षीय किशोरी रविवार की रात घर पर थी। परिजन घर से बाहर थे। तभी किशोरी ने खुद को आग लगा ली। चीखपुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग आ गए। गंभीर हालात में परिजनों ने उसे मेडिकल कालेज में भर्ती करा दिया। सोमवार को उपचार के दौरान किशोरी की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं परिजनों का कहना है कि गैस पर खाना बनाते समय आग लगी थी। आत्महत्या जैसी कोई बात नहीं हैं। इंस्पेक्टर जितेन्द्र कुमार ने बताया कि आग से झ़ुलसी किशोरी की मौत हुई है। परिजन कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं। अभी पूरे मामले की जांच की जा रही है।