
दूभिया पंचायत में सामने आया फर्जीवाड़ा – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – अकराबाद ब्लाक की दूभिया पंचायत में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। बिना टेंडर व कुटेशन के ही एक ठेकेदार ने 125 से अधिक एलईडी लाइट लगवा दीं। इनमें से कुछ लाइटेें तो एक महीने के अंदर ही खराब हो गईं। अब एलईडी लाइट के लिए ग्राम पंचायत निधि से भुगतान की फाइल प्रधान व सचिव के सामने आई तो वे दंग रह गए। बिना टेंडर काम होने के चलते धनराशि देने से हाथ खड़े कर दिए। भुगतान में करीब पौने पांच लाख रुपये मांगे गए हैं। ठेकेदार की तरफ से 3800 रुपये प्रति लाइट के हिसाब से भुगतान के बिल दिए गए हैं। इस मामले की जांच का आदेश जिला पंचायती राज अधिकारी धनंजय जायसवाल ने दिया है। जिले में कुल 867 ग्राम पंचायतें हैं। इन सभी पंचायतों में विकास कार्यों के लिए राज्य व केंद्र सरकार अलग-अलग बजट जारी करती है। इसी बजट सड़क, नाली, खड़ंजा समेत अन्य विकास कार्य कराए जाते हैं। पिछले दिनों शासन स्तर से जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत के साथ ही ग्राम पंचायतों से भी गांव-देहात में एलईडी लाइट लगवाने के निर्देश दिए गए थे। पिछले दिनों ग्राम पंचायतों में भी इसकी शुरुआत कर दी गई। हालांकि, नियम तय किया गया है कि कुटेशन व टेंडर के आधार पर ही एलईडी लाइट लगवाई जाएंगी। ऐसा दूभिया में नहीं हुआ। एक ठेकेदार ने बिना टेंडर व कुटेशन के ही लाइट लगा दीं। अफसरों के मुताबिक पांच हजार की आबादी वाली इस ग्राम पंचायत में करीब 125 लाइट लगाई गईं। ठेकेदार ने प्रधान व सचिव से भुगतान की कोई बात नहीं की। ऐसे में प्रधान व सचिव ने समझा कि यह लाइट किसी अन्य निधि से लग रही हैं, लेकिन जैसे ही लाइटों का काम पूरा हुआ तो फिर ठेकेदार ने भुगतान की मांग शुरू कर दी।