
हत्या आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर थाने का घेराव – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – रोरावर थाना क्षेत्र के शाहजमाल तेलीपाड़ा में रविवार रात साले की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में आरोपित की गिरफ्तारी न होने से गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव किया। यहां जैसे तैसे पुलिस ने लोगों को समझाया। इसके बाद पोस्टमार्टम से शव आने के बाद लोग घर के पास इकट्ठा हो गए। शव को गली के बाहर रखकर हंगामा करने लगे। लोग आरोपित को फांसी देने को मांग कर रहे थे। इसे देखते हुए तीन थानों का फोर्स बुलाना पड़ा। सीओ मोहसिन खान ने जल्द ही आरोपित की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। शाहजमाल तेलीपाड़ा निवासी इमराना की शादी तीन साल पहले तेलीपाड़ा के ही राशिद से हुई थी। आरोप है कि राशिद आए दिन इमराना को परेशान करता था। परेशान होकर वह कुछ दिन पहले मायके आ गई। इंस्पेक्टर रूपेश कुमार वर्मा के अनुसार, रविवार रात साढ़े नौ बजे राशिद अपने तीन साथियों के साथ ससुराल आया। उसने इमराना को साथ भेजने की बात कही। इमराना के 25 वर्षीय भाई रिजवान ने जीजा से कहा कि बहन को परेशान करता हो, आए दिन मारपीट करते हो। इसी बात पर राशिद ने रिजवान पर चाकू से हमला कर दिया। उसके गले पर कई वार किए। इसके बाद राशिद रिजवान को लहूलुहान पड़ा छोड़कर साथियों के संग भाग गया। गंभीर रूप से घायल रिजवान को स्वजन जिला अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।