
एमएलसी चुनाव के लिए कल से नामांकन – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – स्थानीय निकाय के विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के लिए शुक्रवार को अधिसूचना जारी हो जाएगी। इसी दिन से कलक्ट्रेट स्थित डीएम न्यायालय में नामांकन होगा। प्रशासन ने नामांकन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रत्याशियों के काफिले को तस्वीर महल चौराहे व एएमयू सर्किल पर रोक लिया जाएगा। नामांकन करने वाले प्रत्याशियों को अपने साथ 10 प्रस्तावक भी लाने होंगे। हालांकि, नामांकन कक्ष में एक साथ प्रत्याशी समेत तीन लोगों को ही प्रवेश मिलेगा। सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक नामांकन की प्रक्रिया पूरी होगी। 11 फरवरी नामांकन की अंतिम तिथि है।निर्वाचन आयोग ने प्रदेश भर में एमएलसी चुनाव की घोषणा कर दी है। कुल 36 सीटों पर चुनाव होना है। इसमें अलीगढ़ स्थानीय प्रधिकारी की सीट भी शामिल है। अलीगढ़ हाथरस के 3533 मतदाता इसके लिए मतदान करेंगे। इनमें अलीगढ़ के 2310 व हाथरस के 1223 मतदाता शामिल हैं। शुक्रवार से नामांकन की शुरुआत होगी। 11 फरवरी नामांकन की अंतिम तिथि है। अवकाश के दिनों नामांकन प्रक्रिया पर रोक रहेगी। नामांकन करने वाले प्रत्याशी को 10 प्रस्तावक देने होंगे। प्रस्तावकों का नाम मतदाता सूची में होना अनिवार्य है। नामांकन करने वाले उम्मीदवार का नाम प्रदेश के किसी भी विधानसभा क्षेत्र के मदताता सूची में होना आवश्यक है। इसके लिए उसे मतदाता सूची की प्रमाणित प्रति भी संलग्न करनी होगी। उम्मीदवार की आयु न्यूनतम 30 साल होनी चाहिए।यह रहेगी जमानत राशि : एमएलसी चुनाव में सामान्य वर्ग के प्रत्याशियों के लिए जमानत राशि के रूप में दस हजार व अनुसूचित जाति व जनजाति के लिए पांच हजार रुपये जमा करने होंगे। उम्मीदवार को उक्त राशि ट्रेजरी चालान से निर्धारित लेखा शीर्षक में जमा कर उसकी रसीद नामांकन के दौरान जमा करनी होगी। इसके साथ ही प्रत्याशी को आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप 26 पर चल अचल संपत्ति का ब्यौरा, मुकदमा, आदि की जानकारी देनी होगी। यदि प्रत्याशी किसी दल से संबंधित है तो इसका अधिकार पत्र भी देना होगा। नामांकन पत्र स्वयं प्रत्याशी या उसके प्रस्तावक द्वारा जमा किया जा सकता है।