
चुनाव नजदीक, अब तक नहीं पहुंचा मतदाता पहचान पत्र – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में मतदान के लिए जिले में लोगों ने बड़ी संख्या मतदाता पहचान पत्र बनवाए, लेकिन मतदाता पहचान पत्र के लिए लोग अब तक इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, जयपुर से मतदाता पहचान पत्र प्रिंट होकर आ गए हैं। अब उनका तहसील स्तर से आवंटन किया जा रहा है। स्पीड पोस्ट के माध्यम से इनका वितरण हो रहा है।जिले की सात विधानसभा सीटों पर 10 फरवरी को मतदान है। नामांकन की पक्रिया पूरी हो चुकी हैं। 14 से 21 जनवरी तक नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया चली। सातों सीटों पर कुल 81 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल हुए। अब सोमवार को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच शुरू हुई। ऐसे में सुबह से ही कलक्ट्रेट में दावेदारों की चहलकदमी शुरू हो गई। अधिकारियों के न्यायालयों में बनाए गए नामांकन कक्षों में निर्वाचन विभाग की टीमों ने जांच शुरू की। अब 27 को नाम वापसी है। वहीं, पिछले दिनों जिले में चले मतदाता सूची पुनरीक्षण में कुल 1.40 वोट बढ़े थे। निर्वाचन विभाग ने मतदाता पहचान पत्र के लिए इन सभी के कार्ड को जयपुर भेज दिया। वहां से अब कार्ड छपकर भी आ गए हैं, लेकिन अब तक काफी लोगों तक यह नहीं पहुंचे हैं। इसके चलते लोग निर्वाचन विभाग कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। हालांकि, अफसरों का दावा है कि तहसील स्तर से इनका आवंटन हो रहा है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि मतदाता पहचान पत्र का तहसील स्तर से स्पीड पोस्ट से मतदाता पहचान पत्रों का वितरण हो रहा है। चुनाव से पहले सभी के पास यह कार्ड पहुंच जाएंगे।