मुरादाबाद में मंगलवार को दो नए कोरोना संक्रमित सामने आए। इनमें एक गौर ग्रेशियस निवासी वीडीओ (ग्राम विकास अधिकारी) की पत्नी और एक कमलानगर निवासी मंडी समिति का आढ़ती है। दोनों ताजा केस मिलाकर मुरादाबाद जिले में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 272 हो गई।
केजीएमयू, लखनऊ की लैब से प्राप्त ताजा रिपोर्ट में 174 लोगों के सैंपल निगेटिव आए। इससे स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने थोड़ी राहत महसूस की, लेकिन, दो सैंपलों की रिपोर्ट ने नए इलाकों तक कोरोना संक्रमण फैलने की स्थिति बयां कर दी। एक केस कांठ रोड स्थित गौर ग्रेशियस अपार्टमेंट से, जबकि दूसरा केस पीतलनगरी रोडवेज बस अड्डे के पीछे स्थित कमला नगर से सामने आया। दोनों ही मरीजों का सैंपल टीएमयू अस्पताल में भर्ती होने के चलते वहां से लिया गया था। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर मिलिंद चंद्र गर्ग ने बताया कि दोनों संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की कोरोना जांच होगी। उनका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा।