
विधानसभा चुनाव:प्रशिक्षण में 152 मतदान कर्मी रहे अनुपस्थित, होगी रिपोर्ट – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – विधानसभा चुनाव को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण में दूसरे दिन शुक्रवार को कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल और विवेकानन्द कॉलेज में मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में 152 कार्मिक अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। सभी पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को मास्टर ट्रेनर के द्वारा महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई।प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीएम सेल्वा कुमारी जे ने निरीक्षण किया। सभी मतदान कार्मिकों को स्पष्ट करते हुए डीएम ने कहा कि मतदान को आयोग की मंशा के अनुरूप संपन्न कराने में सभी पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी पीठासीन अधिकारी एवं मतदान कार्मिक चुनाव आयोग के निर्देशों के संबंध में गहन अध्ययन कर लें। मतदान के दौरान समस्त प्रक्रिया आयोग की मंशा के अनुरूप संपन्न कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन मतदान कार्मिकों के द्वारा प्रशिक्षण में भाग नहीं लिया जा रहा है उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। डीएम ने कहा कि सभी पीठासीन अधिकारी एवं मतदान कार्मिक आयोजित होने वाले प्रशिक्षण में शत-प्रतिशत रूप से भाग लेकर लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाएं।