
मृत युवक को टीका लगाने के मामले की हो रही जांच – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – अलीनगर निवासी मृत युवक को फर्जी तरीके से दूसरी डोज लगाने के मामले की जांच शुरू हो गई है। जांच की जा रही है कि किसी कर्मचारी द्वारा फर्जीवाड़ा किया गया है या किसी अन्य वजह से गलत सूचना पोर्टल पर दर्ज हुई है। कांग्रेस नेता आगा युनूस ने टीकाकरण अभियान में फर्जीवाड़ा का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच कराने की मांग की है।अलीनगर निवासी मो. आसिफ की 8 दिसंबर 2021 को मृत्यु हो गई। युवक ने सितंबर 2021 में कोविड रोधी टीके की पहली डोज लगवाई थी। जनवरी 2022 में दूसरी डोज लगनी थी। शनिवार को मृतक के बड़े भाई रिजवान के मोबाइल पर आसिफ को दूसरी डोज सफलतापूर्वक लगने से संबंधित मैसेज आया। यह देखकर रिजवान हक्का-बक्का रह गए। इसकी सूचना कांग्रेस नेता आगा युनूस को दी। रिजवान का कहना है कि यह तो टीकाकरण के नाम पर मजाक है। कांग्रेस नेता ने कहा कि टीकाकरण घोटाले की जांच हाईकोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई से कराई जाए। सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी ने बताया कि एसीएमओ एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमके माथुर इस मामले की जांच कर रहे हैं।