
पहचान छिपाकर महिला से बनाए संबंध, कराया धर्म परिवर्तन – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – महिला ने समुदाय विशेष के युवक के खिलाफ पहचान छिपाकर जबरन संबंध बनाने, बेहोश कर अश्लील वीडियो बनाने और धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया है।महिला की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।महिला ने बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि वह अनुसूचित जाति से है। उसकी शादी 2016 में दिल्ली निवासी युवक के साथ हुई थी। 2019 में उसका तलाक हो गया। उसके बाद वह वापस पिता के घर आ गई। क्वार्सी स्थित एक ब्यूटीपार्लर पर काम करने लगी। उन्हीं दिनों वह आरोपी युवक के संपर्क में आ गई। महिला का आरोप है कि उसने अपना नाम पप्पू निवासी गांव सुमेरा बताया। धीरे-धीरे उससे संपर्क बढ़ने लगा। आरोप है कि एक दिन युवक ने बेहोशी की दवा खिलाकर उसके साथ संबंध बनाए और अश्लील वीडियो भी बना लिए। चार महीने बाद पता चला कि युवक का असली नाम शाहरुख है। महिला ने बताया कि उसके बाद उसने युवक से दूरी बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि शाहरूख उसे अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर निकाह करना चाहता है। वह जबरन संबंध बनाता है। कुछ दिन पहले उसने महिला का धर्म परिवर्तन भी करा दिया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर पप्पू उर्फ शाहरुख के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।