
जीपीएस से लैस उड़नदस्ते रोकेंगे आचार संहिता का उल्लंघन – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – विधानसभा चुनाव की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगी टीमें आधुनिक तकनीक से लैस होंगी। उडनदस्ते जिन वाहनो में गश्त पर निकलेंगें, उन वाहनो में ग्लोबल पोजिसनिंग सिस्टम यानी जीपीएस लगा होगा। जिले में कुल 28 टीमों को उड़नदस्तों से लैस किया जा रहा है। हर विधानसभा में चार उड़नदस्ते तैनात किए जा रहे हैं। जिला स्तर से भी इन पर पूरी नजर रखी जाएगी। जिला पूर्ति विभाग को गाड़ियों की आपूर्ति की जिम्मेदारी मिली हुई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम सिटी राकेश पटेल ने बताया कि जिले की साताें विधानसभा सीटाें पर पहले चरण में 10 फरवरी को मतदान होना है। ऐसे में जिले चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। शुक्रवार से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। सभी विधानसभाओं के लिए अलग-अलग आरओ-एआरओ बना दिए गए हैं। यह सभी प्रत्याशियों से जांच पड़ताल के बाद नामांकन पत्र भरवाएंगे। सभी नामांकनों को हर दिन का डाटा आनलाइन अपलोड भी करना होगा। उन्होंने बताया कि नामांकन के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। कलक्ट्रेट के सौ मीटर दायरे में पुलिस फोर्स लगाई गई है। गुरुवार को दोपहर बाद से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो जाएगी। कोई भी प्रत्याशी अपने विधानसभा क्षेत्र के आरओ से नामांकन पत्र ले सकेगा। उन्होंने बताया कि नामांकन के दिन से ही सभी विधानसभाओं में उड़नदस्ते तैनात कर दिए गए हैं। यह अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर आचार संहिता उल्लंघन पर नजर रखेंगे। हर विधानसभा में 24 घंटे तीन टीमें सक्रिय रहेंगी। एक टीम रिजर्व में रहेगी। शिकायत के बाद 30 मिनट के अंदर यह टीमें मौके पर पहुंच जाएंगी। अब कोई भी कार्यक्रम बिना अनुमति के नहीं होगा।