
इस माह मिल सकती है अलीगढ़ से लखनऊ हवाई यात्रा की सौगात – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – इस माह अलीगढ़ से लखनऊ तक की हवाई यात्रा की सौगात मिल सकती है। बनकर तैयार हो चुके धनीपुर मिनी हवाई अड्डे की लाइसेंस प्रक्रिया अंतिम दौर में है। जल्द ही डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एवीएशन की टीम धनीपुर एयरपोर्ट का दौरा करने वाली है। माना जा रहा है कि यदि टीम हवाई अड्डे की मौजूदा व्यवस्थाओं से संतुष्ट हुई तो जल्द ही लाइसेंस प्रक्रिया को मंजूरी मिलने के साथ ही यहां से उड़ानें भी शुरू हो सकती हैं।प्रदेश में वर्तमान में छह हवाई अड्डों के उच्चीकरण का काम चल रहा है। इनमें अलीगढ़ के धनीपुर मिनी एयरपोर्ट एवं मुरादाबाद एयरपोर्ट के उच्चीकरण का काम पूरा हो गया है। दोनों ही एयरपोर्टों के लाइसेंस के लिए आवेेेेदन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के पास विचाराधीन हैं। सरकार की कोशिश है कि विधानसभा चुनावों से पहले इन दोनों हवाई अड्डों से उड़ानें आरंभ हो जाएं। सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा ने बताया कि एक दो दिन में डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एवीएशन की टीम आने वाली है। यह टीम समूचे हवाई अड्डे की व्यवस्थाओं का जायजा लेगी। संतुष्ट होने के बाद टीम एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया एवं नागरिक उड्डयन मंत्रालय को रिपोर्ट देगी। इसके बाद लाइसेंस मिलने एवं उड़ाने शुरू होने की संभावना है।धनीपुर मिनी एयरपोर्ट शुरू होने के बाद अलीगढ़ वासियों को अलीगढ़ से लखनऊ जाने के लिए दोनों ओर से एक-एक उड़ान का आनंद मिल सकेगा। अलीगढ़ से लखनऊ जाने वाला हवाई जहाज वहां से अलीगढ़ के लिए भी आएगा। इसकी तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं।