
किसान यूनियन का प्रदर्शन, तहसील को दो भागों में बांटने की गूंज उठी – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ – भारतीय किसान यूनियन के पूर्व जिला महासचिव चौ. नवाब सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र के ग्राम बाबूपुर में किसानों-मजदूरों ने छर्रा को तहसील बनाने को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौ. नवाब सिंह ने कहा कि तहसील अतरौली को दो भागों में विभाजित कर छर्रा नाम से नई तहसील की स्थापना किया जाना अति आवश्यक है, क्योंकि वर्तमान में अतरौली स्थित तहसील मुख्यालय की दूरी क्षेत्र के पूर्वी, उत्तरी व दक्षिणी सीमाओं की दूरी करीब 30 से 60 किमी की है। वहीं पश्चिमी क्षेत्र की सीमा मात्र 8 किमी है। तहसील की पूर्वी सीमा जनपद कासगंज व हाथरस के नजदीक है तथा जनता को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। छर्रा में तहसील मुख्यालय बनने से सभी दिशाओं से सार्वजनिक यातायात बहुत ही आसानी से सुलभ हो जाएगा। वहीं कस्बा छर्रा में गल्ला मंडी, बैंक, थाना, विकास खंड़, शिक्षा, अस्पताल एवं कृषि कार्यों आदि तहसील स्तरीय सभी सुविधाएं मौजूद हैं। वर्ष 2018 से अनेकों समस्या पत्र जिलाधिकारी, आयुक्त अलीगढ़ के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे जा चुके हैं। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव द्वारा जिलाधिकारी अलीगढ़ से छर्रा में तहसील बनाने की रिपोर्ट भी बीते मार्च माह में मांगी जा चुकी है। सभी ने शासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए छर्रा मेें तहसील मुख्यालय की स्थापना कर अधिकारियों की तैनाती की जाए तथा जनता की पहाड़ जैसी समस्या का समाधान कर राहत प्रदान करें। वहीं उर्वरकों की कालाबाज़ारी रोकने हेतु प्रदेश में एफओआर व्यवस्था अन्य प्रदेशों की तरह लागू की जाए। प्रदर्शन करने वालों में चौ. नवाब सिंह, ठा. पोखपाल सिंह, ठा. सुरेश सिंह, तेजवीर सिंह, साहूकार सिंह, राजेश सिंह, साहिल सिंह, रौदास सिंह, शीशपाल सिंह, रामवीर सिंह, राजेंद्र सिंह, राजा ठाकुर, नितिन चौधरी, ठा. करुआ सिंह आदि लोग मौजूद रहे।