तय हो चुकी है भाजपा से वरुण गांधी की विदाई? योगी के मंच पर ना जाने का संदेश साफ-योगी के कार्यक्रम से दूर रहे वरुण

नई दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी के सांसद वरुण गांधी बीते काफी समय से अपनी सरकार को ही निशाने पर लेते रहे हैं। किसानों का मुद्दा हो, कोरोना या फिर कंगना रनौत की बयानबाजी, वरुण ने पार्टी के खिलाफ जाकर स्टैंड लिया है। ऐसे में लंबे समय से ये माना जा रहा है कि वरुण और उनकी मां मेनका गांधी भाजपा को अलविदा कह सकते हैं। अब पीलीभीत में कुछ ऐसा हुआ है, जिससे लगता है कि वरुण की भाजपा से विदाई तय हो चुकी है।
योगी के कार्यक्रम से दूर रहे वरुण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को पीलीभीत पहुंचे थे। यहां उन्होंने बड़ी रैली की। सीएम के कार्यक्रम में ना सिर्फ पीलीभीत बल्कि पड़ोसी जिले बरेली और शाहजहांपुर के सांसद और नेता पहुंचे। वहीं पीलीभीत के सांसद वरुण गांधी खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंच से गैरमौजूद रहे। वरुण गांधी बीते काफी समय से क्षेत्र में लगातार घूम रहे हैं लेकिन प्रशासन के आमंत्रण के बावजूद वो इस कार्यक्रम में शिरकत करने नहीं आए
वरुण गांधी के पार्टी छोड़ने की चर्चा तो बीते डेढ़- दो साल में कई बार हुई है। कभी वरुण के कांग्रेस में जाने की बात कही गई तो कभी उनके टीएमसी में जाने के कयास लगे। अब पीलीभीत के इस कार्यक्रम के बाद माना जा रहा है कि भाजपा में अब वो सिर्फ अपनी संसद सदस्यता बचाने के लिए हैं। पार्टी से उनका नाता तकरीबन टूट चुका है और जाने का औपचारिक ऐलान भर उनको करना है। हालांकि वरुण की ओर से अपने अगले सियासी कदम को लेकर कुछ नहीं कहा गया है।