
टेंपो और एंबुलेंस की भिड़ंत में दो महिलाओं की मौत, तीन घायल
कोतवाली छर्रा क्षेत्र के गांव सिहावली पर टेंपो और एंबुलेंस के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में दो महिलाओं की मौत हो गई व दो महिलाओं सहित तीन लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। दादों कस्बा की मस्जिद वाली गली निवासी 55 वर्षीय कपूरी देवी पत्नी प्रकाश, 30 वर्षीय संगीता पत्नी संजय, रामश्री, श्रीदेवी टेंपो में सवार होकर अलीगढ़ अपने रिश्तेदार के घर हुई मौत के बाद सांत्वना व्यक्त करने आ रही थी। जैसे ही टेंपो कोतवाली छर्रा क्षेत्र के गांव सिहावली पर पहुंचा। तो सामने से आ रही 102 नंबर एंबुलेंस से टेंपो की जोरदार भिड़ंत हो गई। भिड़ंत के उपरांत कपूरी देवी की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने टेंपो चालक मोहसीन सहित घायलों को उपचार के लिए सीएचसी छर्रा भेजा। घायलों की गंभीर अवस्था को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान संगीता देवी की भी मौत हो गई। जिला अस्पताल में तीनों घायलों की गंभीर अवस्था को देखते हुए डॉक्टरों ने उपचार के लिए तीनों घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां तीनों का उपचार चल रहा है। वहीं पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।