
भाजपा की जन विश्वास यात्रा आज, दिनभर होती रहीं तैयारियां
कासगंज। रविवार को जनपद में आने वाली भाजपा की जन विश्वास यात्रा के शहर में स्वागत से लेकर बारह पत्थर मैदान पर सभा तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर पार्टी कार्यकर्ता तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। प्रांतीय व ब्रज क्षेत्र पदाधिकारियों ने सभा स्थल का निरीक्षण किया और अपने अनुभवों के अनुसार पांडाल तैयार कराते दिखाई दिए। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने भी यात्रा के साथ आ रहे पदाधिकारियों की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर दिशा निर्देश दिए।
जनपद में आ रही जन विश्वास यात्रा के साथ केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य पार्टी पदाधिकारी आ रहे हैं। इस यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां भाजपा ने पूर्ण कर ली हैं। शहर के एटा रोड से जन सभा स्थल बारह पत्थर मैदान तक यात्रा के जगह-जगह स्वागत के लिए भी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शनिवार को सभा स्थल बारह पत्थर मैदान पर तैयारियां जारी रहीं। यहां दिनभर मंच, पांडाल, गैलरी, बेरीकेटिंग आदि का कार्य होता रहा। यात्रा को सफल बनाने और सभी तैयारियों को पहले से पूर्ण करने के लिए लखनऊ से आए प्रदेश प्रवक्ता आलोक अवस्थी, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, जिला प्रभारी हर्षवर्धन आर्य, ब्रज क्षेत्र मीडिया संपर्क प्रमुख बोबी वर्मा व अन्य नेताओं के साथ बारह पत्थर मैदान पर पहुंचे। यहां सभा के लिए तैयार हो रहे मंच, मीडिया गैलरी, दर्शकों के पांडाल, बेरीकेटिंग, फ्लैक्स बोर्ड आदि को व्यवस्थित कराया और दिशा निर्देश भी दिए। इसके अलावा यात्रा के साथ आने वाले पदाधिकारियों की सुरक्षा के लिए एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ मौका मुआया कर निर्देशित किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी सभा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। डॉ ज्ञान प्रकाश गुप्ता,ममतेश शाक्य,नीरज शर्मा,डॉ नीरज सक्सेना, सुरेश माहेश्वरी, डॉ बीड़ी राणा, संजीव महाजन बॉबी वर्मा,अनिल भारद्वाज,जिला मीडिया प्रभारी के के सक्सेनामौजूद रहे