
फायरिंग के मामले में सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – बन्नादेवी क्षेत्र के टाइगर लाज के पास फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। वहीं प्रकरण की तह तक जाने के लिए सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने 10 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले हैं। इनमें कुछ लोग दिख रहे हैं। लेकिन, इनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस इन्हें चिह्नित करने में जुटी है।भीकमपुर में जमीन के विवाद को लेकर बुधवार शाम को टाइगर लाज के पास गभाना के गांव पैराई निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य पिंका व गांव सिकंदरपुर भुकरावली निवासी लालजी सिंह आमने-सामने आ गए थे। ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें पेट में गोली लगने से पिंका घायल हो गए। पिंका को वरुण ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां से देररात दिल्ली के मेदांता अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पिंका के भाई की तहरीर पर लालजी व उनके चारों बेटे भगवान सिंह, राजीव वर्मा, नरेंद्र, मदन व सात-आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले में मुकदमा दर्ज कर लिया। रात में ही लालजी को हिरासत में ले लिया गया। वहीं गुरुवार को लालजी व उनके दो बेटों को जेल भेज दिया। इधर, लालजी की तहरीर पर पुलिस ने पिंका, दो गनर, ड्राइवर के खिलाफ गालीगलौज, मारपीट, जानलेवा हमला व धमकी देने में मुकदमा दर्ज किया है। सीओ मोहसिन खान ने बताया कि घटना की तह तक जाने के लिए सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। इसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।