
कहीं कीचड़ कहीं जलभराव, शहर की सड़के बदहाल – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – शहर में बदहाल सड़कें दुश्वारियां बढ़ा रही हैं। किसी सड़क पर गड्ढे मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं तो कहीं कीचड़ और जलभराव ने हालत खराब कर रखी है। शिकायतों के निस्तारण में अफसर हीलाहवाली करते नजर आते हैं। क्वार्सी, सिविल लाइंस, देहलीगेट क्षेत्र में स्थानीय लोग इन दिनों इन्हीं मुश्किलों से जूझ रहा है। यहां गलियों में सड़कें उखड़ी पड़ी हैं। नालियों का पानी गड्ढों में भर जाता है। स्ट्रीट लाइट भी ठीक नहीं कराई जा सकीं। दिन ढलने पर गड्ढों में गिरने का भय बना रहता है। शहर के कई इलाकों में सड़क, सफाई की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। क्षेत्रीय लाेग आए दिन विरोध-प्रदर्शन करते हैं। विरोध करने पर अधिकारी आश्वासन तो दे देते हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होता। बजट पास होने पर भी विकास कार्य नहीं कराए जा रहे। क्षतिग्रस्त नालियां उसी स्थिति में हैं। वाटर लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे भरे नहीं गए। कुछ जगह भरे भी गए तो मलवा डालकर। जबकि, सड़क को पक्का करना था। लोगों का कहना है कि बारिश हो जाए तो गलियों से निकलना दूभर हो जाता है। गहरे गड्ढों में पानी भर जाता है। जरा सी लापरवाही पर वाहन चालक सीधे गड्ढे में गिर जाते हैं। बच्चे, महिलाओं को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जल निगम की लापरवाही से दुकानदार भी परेशान हैं।