
शहरवासियों ने किया विरोध तो नगर निगम ने ढहा दी पुलिया – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – नगर निगम में अफसरों के तौर-तरीके भी अजीब हैं। सामान्य शिकायतों पर ये ध्यान नहीं देते। विरोध-प्रदर्शन होने लगे, या फिर इसकी आशंका लगे तो तत्काल एक्शन में आ जाते हैं। अब क्वार्सी क्षेत्र की इकरा कालोनी में जर्जर हो चुकी पुलिया के ही मामले में नगर निगम का रवैया देखिए। स्थानीय लाेगों ने कई बार कहा कि पुलिया को ढहा दिया जाए, इससे बड़े हादसे की संभावना बनी रहती है। इसके नीचे से होकर लोग निकलते हैं। इसी रास्ते से बच्चे स्कूल जाते हैं। पुलिया गिरी तो बड़ा हादसा हो सकता है। लेकिन, अफसरों ने इनकी नहीं सुनी। अब क्षेत्रीय लोग विरोध पर उतर आए तो कालोनी पहुंची नगर निगम की टीम ने पुलिया को ढहा दिया। क्वार्सी क्षेत्र की इकरा कालोनी में वर्षों पहले बनी ये पुलिया गिरासू है। इसका कोई उपयोग भी नहीं है। क्षेत्र में आबादी बढ़ गई है। नए-नए रास्ते निकल गए। पूर्व में पुलिया के नीचे होकर ही रास्ता था। लोगों को आवागमन यहां से होता था। अब भी जाने-अनजाने में लोग यहां से निकलते हैं। स्कूली बच्चे यहीं से होकर जाते हैं। यहां रहने वाले असीम जेड खान, शमशाद, रियान आदि ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर जर्जर हो चुकी पुलिया को ढहाने की मांग की थी। इनका कहना था छोटे-छोटे बच्चे हर रोज इस पुलिया से होकर निकलते हैं। नगर निगम ने सड़क तो चौड़ी कर दी, लेकिन इस पुलिया को नहीं हटाया। इसका कोई उपयोग भी नहीं है। इस शिकायत को किए हुए सालभर हो गया, लेकिन अफसरों ने सुनवाई नहीं की। पुलिया को लेकर अब क्षेत्र में विरोध बढ़ रहा है। इसकी भनक लगते ही सहायक नगर आयुक्त ठाकुर प्रसाद और नगर निगम निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अशोक भाटी टीम लेकर माैके पर पहुंच गए और जेसीबी से पुलिया को ढहा दिया। तब जाकर क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली। क्षेत्रीय लोगों का कहना था कि देर से ही सही मगर नगर निगम अफसर चेते तो सही।