यूपी(बागपत) : दो सगी बहनों पर फेंका गया तेजाब ! सोते समय फेंका एसिड, दोनों बुरी तरह झुलसी

- पुलिस ‘लव एंगल’ से कर रही जांच
बागपत में एक युवक ने दो सगी बहनों पर एसिड फेंक दिया। एसिड अटैक में दोनों बहनें बुरी तरह से झुलस गई। दोनों बहनें नाबालिग हैं। दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।
मामला ज़िले के के बालैनी थाना क्षेत्र का है। यहां रोशनगढ़ गांव की रहने वाली दो सगी बहने खाना खाने के बाद अपने कमरे में सो रही थीं। परिवार के दूसरे लोग अलग कमरे में सो रहे थे। सोमवार रात करीब 12 बजे एक युवक उनके कमरे में घुस आया। उसने उनके ऊपर तेजाब फेंक दिया।
तेजाब पड़ते ही दोनों बहने चिल्लाने लगी। शोर सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस प्रेम प्रसंग का मामला मानकर जांच कर रही है। पीड़ितों में एक बहन की उम्र 14 साल है और दूसरी बहन की उम्र 16 साल है। दोनों सगी बहने हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों बहने पड़ोस के एक घर में पढ़ने के लिए जाया करती थीं। बड़ी बहन का अपने टीचर के बेटे से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अक्सर बाहर मिला भी करते थे, जिसके कारण कुछ दिनों पहले लड़की के परिवार को उसके प्रेम प्रसंग के बारे में पता चल गया।
इसके बाद लड़की के परिवार ने उसको डांटा। उन लोगों ने उसकी कोचिंग भी बंद करा दी, और उसको बाहर भेजना भी बंद कर दिया। लड़की के पिता का आरोप है कि हमारी बेटी ने उस लड़के से बात करना बंद कर दिया था, इसी बात से नाराज होकर उसी लड़के ने गुस्से में आकर इस घटना को अंजाम दिया है।
पीड़िता के घर पर कई जगह तेजाब भी पड़ा मिला है। दोनों के चेहरे और शरीर की स्किन बुरी तरह से तेजाब से झुलस गई है। परिवार के लोग देर रात ही दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत खराब होने के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने गांव के एक युवक को भी हिरासत में लिया है। जिससे पूछताछ जारी है।