
पुलिस ने पांच लाख का गांजा सहित एक को दबोचा, दो साथी फरार – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – एसएसपी कलानिधि नैथानी के आदेशानुसार जनपद अलीगढ़ में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना इगलास पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान एक युवक को 30 किलो गांजे के साथ पकड़ा है। गांजे की कीमत पांच लाख रुपये बताई जा रही है। कोतवाल रिपुदमन सिंह ने बताया कि बेसवां चौकी की टीम द्वारा अलीगढ़-मथुरा रोड बेसवां चौराहे पर चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान राया की ओर से आ रहे एक टेंपो को चेक किया गया। पुलिस को देखकर टेंपो में बैठे दो युवक मौके से फरार हो गए। एक युवक को टीम ने दबोच लिया। टेंपो से पुलिस ने 30 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार युवक ने अपना नाम योगेन्द्र उर्फ गोली पुत्र पन्नालाल निवासी ग्राम मिर्जापुर थाना इगलास जनपद अलीगढ़ बताया। वहीं भागे हुए साथियों के नाम विष्णु पुत्र राकेश व विकास पुत्र शिशुपाल निवासीगण गांव मिर्जापुर बताए। आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कोतवाल ने बताया कि आरोपित को जेल भेजा जा रहा है। टेंपो को सीज किया गया है। कोतवाल ने बताया कि आरोपित गांजे को वृन्दावन से खरीद कर लाए थे। वृन्दावन में उड़ीसा से तस्करी कर गांजा लाया गया था। बाजार में इसकी कीमत 15 हजार रुपये किलो है। पकड़ा गया गांजा करीब पांच लाख का है। आरोपित क्षेत्र में गांजे की पुड़िया बनाकर सप्लाई करते हैं। पुलिस टीम ने सप्लाई करने से पहले ही माल को बरामद कर लिया।