
दो प्रधान पदों के लिए सात उम्मीदवारों ने किया नामांकन – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – जनपद में रिक्त चल रहे प्रधान व सदस्य पदों के लिए आज नामांकन दाखिल किए।अकराबाद के कठौरा गांव पर प्रधान पद के लिए तीन ने नामांकन दाखिल किया, जबकि लोधा के भगवानपुर गांव में प्रधान पद के लिए 4 ने नामांकन किया। इसके अलावा विभिन्न ब्लाकों में सदस्य पदों के लिए भी नामांकन दाखिल किए गए।सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि जिले में अकराबाद ब्लाक की ग्राम पंचायत कठैरा एवं लोधा ब्लाक की ग्राम पंचायत भगवानपुर में प्रधान पद लंबे समय से रिक्त चल रहा था। ग्राम पंचायत सदस्यों के भी 91 पद रिक्त थे। अकराबाद में नौ वार्ड, अतरौली में 24, इगलास में आठ, खैर में दो, गंगीरी में 11, गोंडा में आठ, चंडौस व जवां में एक-एक, टप्पल में 11, धनीपुर में 12, बिजौली में पांच, व लोधा ब्लाक में सात ग्राम पंचायत सदस्य के पद खाली हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार आज ब्लाक स्तर पर नामांकन दाखिल किया गया। कठैरा गांव से तीन नामांकन आए। भगवानपुर में चार उम्मीदवारों ने नामांकन किए। बताया कि सदस्यों के 91 पदों में से 77 पदों पर एक-एक नामांकन आया। सात पदों पर दो-दो नामांकन आए हैं। वहीं, सात पद ऐसे रहे, जिन पर किसी ने भी नामांकन नहीं किया है। सोमवार को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। 14 दिसंबर को सुबह दस बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी प्रक्रिया होगी। इसी दिन चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए जाएंगे। 20 दिसंबर को चुनाव होगा और 21 दिसंबर को सुबह आठ बजे से मतगणना होगी।