
जल जीवन मिशन के अन्तर्गत घर-घर नल योजना की शुरूआत – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक का आयोजन किया गया। सीडीओ ने ’’जल जीवन मिशन’’ (घर घर नल योजना) की समीक्षा करते हुए कहा कि जन-जन को स्वस्थ्य रखने के लिए शुद्ध पेयजल की अनिवार्य आवश्यकता है। इसके लिए जिले के 867 ग्राम पंचायतों के में शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए जल जीवन मिशन के अन्तर्गत घर-घर नल योजना की शुरूआत की गई है।अधिशासी अभियंता मोहम्मद इमरान ने बताया कि आहूत बैठक में 170 करोड़ की लागत वाली 72 डीपीआर प्रस्तुत की गईं हैं। जनपद में अब तक 131 डीपीआर प्रदेश सरकार को भेजी गयीं हैं, जिसमें से 115 पर स्वीकृति भी प्राप्त हो गयी है।जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में कार्यदायी संस्था द्वारा विकास एवं निर्माण कार्यो में शिथिलता बरते जाने पर मुख्य विकास अधिकारी अंकित खंडेलवाल ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। अंकित खंडेलवाल ने कार्यदाई संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि अभी आप द्वारा मौके पर मशीनरी नहीं भेजी गई है, कार्य कब आरम्भ होगा। इस अवसर पर अधिशासी अभियन्ता जल निगम मो.इमरान, कार्यदायी संस्था से प्रोजेक्ट मैनेजर आकाश गोयल, सम्बन्धित एजेन्सी के अभियंतागण एवं सम्बन्धित अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहे।