
एक महिला को न्याय की तलाश – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – कोतवाली क्षेत्र के गांव हस्तपुर निवासी एक महिला न्याय पाने के लिए भटक रही है। उसने पुलिस पर बेटी के हत्यारोपितों की गिरफ्तार न करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उसने एसएसपी, डीएम से मुलाकात करने के साथ मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजा है। गांव हस्तपुर निवासी रचना गांव में परचून की दुकान चलाती हैं। सामने पड़ोसी राजेंद्र पुत्र महाराम की परचून की दुकान है। रचना का कहना है कि विगत सात नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे उसका राजेंद्र व उसके परिवार वालों से विवाद हो गया था। इस दौरान दूसरे पक्ष ने फायरिंग कर दी। एक गोली बेटी रितिका(14) के पेट में लग गई। वहीं एक गोली उसके हाथ में लगी। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल भर्ती किया गया था। मेडिकल में रितिक काे डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में पीड़िता राजेंद्र, श्रीकृष्ण, श्रीकांत, ऋषिकांत व नीरज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपित राजेंद्र सिंह से लाइसेंसी बंदूक बरामद कर जेल भेज दिया था। पीड़िता का कहना है कि घटना को एक माह पूरा हो गया है। लेकिन पुलिस ने अन्य आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया है। अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।