रेल विस्तार के लिए होगा व्यापक आंदोलन – रघुनंदन
15 दिसंबर से शुरू होगा सत्याग्रह।
कई सामाजिक संगठनों की होगी सहभागिता।
पहले चरण में होगी जनप्रतिनिधियों से वार्ता।

एटा 4 दिसंबर। जनपद में रेल विस्तार की मुहिम फिर से शुरू होने जा रही है। कई सामाजिक संगठनों के साथ वार्ता कर आज सामाजिक कार्यकर्ता डॉ प्रदीप रघुनंदन ने रेलवे के विस्तार के लिए चलाए जाने वाले आंदोलन की एक व्यापक रणनीति तैयार की। रणनीति के तहत 15 दिसंबर से रेलवे विस्तार के लिए एक समग्र आंदोलन प्रारंभ किया जाएगा जिसमें दर्जन भर से अधिक सामाजिक संगठनों की सहभागिता होगी और यह आंदोलन रेलवे बजट घोषित होने तक चलाया जाएगा जिससे कि रेलवे विस्तार के लिए आवश्यक बजट सरकार से प्राप्त किया जा सके।
आंदोलन के बारे में जानकारी देते हुए सामाजिक कार्यकर्ता डॉ प्रदीप रघुनंदन ने बताया कि इसके लिए एक संयुक्त संघर्ष समिति बनाई गई है जिसमें दर्जनभर से अधिक संगठन शामिल हैं जो विभिन्न तरीकों से आंदोलन मैं निर्णायक भूमिका निभायेंगे। उन्होंने बताया कि एटा में रेलवे विस्तार की लड़ाई काफी पुरानी है जिसमें कई सामाजिक संगठनों ने पिछले दशक में समय-समय पर आवाज उठा कर अपने तरीके से आंदोलन की है जिसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आए और रेलवे मंत्रालय ने जनहित में इस मांग को स्वीकार करते हुए एटा कासगंज रेलवे लाइन का सर्वे कराकर उसके लिए बजट का प्रावधान भी किया गया परंतु दुर्भाग्य है कि जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण रेल मंत्रालय से एटा से कासगंज रेलवे विस्तार के लिए बजट अब तक प्राप्त नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि रेलवे विस्तार के लिए टेक्निकल काम लगभग पूरा हो गया है अब तो केंद्रीय रेल मंत्रालय इसके लिए बजट का प्रावधान कर दें जिससे एटा से कासगंज तक रेलवे विस्तार हो सके और यहां से सीधे लखनऊ और दिल्ली आने-जाने की सुविधा एटा जनपद वासियों को प्राप्त हो सके,यही निर्णायक संघर्ष हमको करना है।
सामाजिक कार्यकर्ता डॉ रघुनंदन ने बताया कि आंदोलन के तीन चरण होंगे पहले चरण में जनप्रतिनिधियों से वार्ता होगी और केंद्र सरकार से मांग की जाएगी कि वह रेलवे विस्तार के लिए बजट उपलब्ध कराएं। दूसरे चरण में धरना प्रदर्शन और आंदोलन होगा तीसरे में व्यापक स्तर पर जन सहभागिता के साथ रेलवे मंत्रालय का घेराव किया जाएगा और वही बजट प्राप्त होने तक अनशन पर बैठा जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वह रेलवे आंदोलन को सफल बनाने के लिए इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी करें।