
खुलेगा निजी फिटनेस सेंटर, हाईटेक मशीनों से होगी वाहनों की जांच – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – अभी तक आरटीओ कार्यालय में होने वाला वाहन फिटनेस का काम जल्द ही निजी हाथों में जाने वाला है। जिले में निजी फिटनेस सेंटर खुलेगा। इसके लिए परिवहन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। एक निजी कंपनी के साथ करार होने की बात भी हो गई है। हाईटेक मशीनों से वाहन की जांच होगी। इस जांच रिपोर्ट के आधार पर ही परिवहन विभाग ऑनलाइन फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करेगा। हालांकि वाहन स्वामियों को इस प्रक्रिया के लिए अब अधिक जेब ढीली करनी पड़ेगी। दरअसल, परिवहन विभाग की सरकारी फीस के साथ ही निजी कंपनी के फिटनेस सेंटर की भी फीस चुकानी होगी। एआरटीओ प्रशासन रंजीत सिंह ने बताया कि फिटनेस सेंटर स्थापित करने में करीब चार करोड़ रुपये की लागत आ रही है। वर्तमान व्यवस्था के अनुरूप ऑनलाइन फीस जमा कराई जाएगी। इसके अलावा निजी कंपनी के फिटनेस सेंटर का संचालक भी अपनी फीस लेगा। अभी तक 600 रुपये एलएमवी और एचएमवी के लिए 800 रुपये फिटनेस फीस परिवहन विभाग वसूलता है। लखनऊ, गाजियाबाद, बनारस में संचालित पायलट प्रोजेक्ट सफल होने के बाद अब इसे सूबे भर में लागू किया जा रहा है। अलीगढ़ में निजी फिटनेस सेंटर खुलने का रास्ता साफ हो गया है। इस सेंटर में हाईटेक मशीनों से वाहनों की जांच होगी। मशीनी जांच के प्रमाण पत्र के आधार पर ही परिवहन विभाग फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करेगा।