
पंचायतों की खाली भूमि दी जाएंगी लीज पर – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – जिला एवं ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने व खाली पड़ी जमीनों के उपयोग के लिए नई रणनीति बनाई गई है। अब जिला एवं ग्राम पंचायत इन भूमियों को निजी कंपनियों को व्यवसाय हेतु लीज पर देगा। खाली जमीनों के प्रबंधन के लिए विस्तृत योजना बनाई जाएगी। प्रबंधन के लिए 11 निजी कंपनियों का चयन कर लिया गया है।जिला पंचायत की जिले के विभिन्न स्थानों पर सैकड़ों बीघा जमीन खाली पड़ी हुई है। वर्तमान में यह जमीन किसानों को साल भर के लिए किराए पर दी जाती है। नीलामी के माध्यम से इसका आवंटन होता है। अब शासन स्तर से इसको लेकर नया आदेश जारी हुआ है। शासन ने इन भूमियों को निजी कंपनियों को लीज पर देने के आदेश दिए हैं। जिला एवं ग्राम पंचायतों की जमीन के प्रबंधन के लिए सूबे भर में 11 लेन देन सलाहकार कंपनियों का चयन किया गया है। यह पंचायतों की जमीन को व्यावसायिक उपयोग में लाने के लिए काम करेंगी। यह कंपनियां जमीन के प्रबंधन का पूरा प्लान तैयार कर रिपोर्ट देंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि शासन की ओर से जिला पंचायत के लिए तीन माडल बनाए गए हैं। इनमें सबसे प्रमुख लैंड लीज माडल है। इसमें जमीन को 99 सालों के लिए लीज पर देने की व्यवस्था की जाएगी। दूसरा आम सहमति माडल है। इसमें सरकारी विभागों के साथ प्राइवेट कंपनियों को आम सहमति पर जमीन दी जाएगी। तीसरा माडल ज्वाइंट वेंचर है। इसमें सरकारी गतिविधियों के साथ व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन भी एक साथ किया जा सकता है।