
दस दिसंबर तक चालू हो जाएगी साथा चीनी मिल – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – साथा चीनी मिल दस दिसंबर तक चालू हो जाएगी। एसडीएम कोल ने मिल का दौरा कर मरम्मत की स्थिति देखी। उन्होंने मरम्मत का काम कर रही एजेंसी के अफसरों एवं चीफ इंजीनियर के साथ बैठक कर अब तक हुए काम की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मिल की मरम्मत का काम जल्द से जल्द कराकर दस दिसंबर तक पेराई शुरू करा दी जाए। हर साल जर्जर मशीनों की खराबी के चलते गन्ना किसानों के लिए परेशानी का सबब बन रही साथा चीनी मिल के मरम्मत के लिए 1.25 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। शासन से पहली किस्त के रूप में 86 लाख रुपया भेजा जा चुका है। इस धनराशि से मिल के ब्वायलर समेत अन्य काम हो रहे हैं। मंगलवार को एसडीएम कोल संजीव ओझा जिला गन्ना अधिकारी डॉ. सुभाष यादव के साथ मिल पहुंचे। उन्होंने मरम्मत के काम का निरीक्षण किया। इसके बाद किसान प्रतिनिधियों, मुख्य अभियंता तथा मुख्य रसायनविद के साथ बैठक की। उन्होंने मरम्मत का काम जल्द से जल्द पूर्ण कराकर दस दिसंबर तक मिल चालू करने के निर्देश दिए। मैन पावर सप्लायर एजेंसी को अनुभवी फिटरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जल्द से जल्द चीनी मिल का संचालन कराएं, जिससे कृषकों को कोई समस्या न आए।