मतदाता पंजीकरण हेतु 24 नवम्बर को सभी बीएलओ अपने मतदेय स्थल पर रहेंगे उपस्थित
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान से जुड़े अधिकारी 24 नवम्बर को भ्रमणशील रहकर बूथों का करेंगे निरीक्षण
अर्हता तिथि 1 जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा अपने नजदीकी बूथ पर भर सकेंगे पंजीकरण फार्म

एटा। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने सूचित किया है कि जनपद में 24 नवम्बर को सार्वजनिक अवकाश होने के चलते समस्त विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता पंजीकरण हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। समस्त मतदेय स्थलों पर बीएलओ प्रातः 10 बजे से सांय 4 बजे तक अपने संबंधित मतदान केन्द्र पर उपस्थित होकर/क्षेत्र में भ्रमण कर मतदाता पंजीकरण हेतु फार्म एकत्रित करेंगे। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2022 को 18 वर्ष पूर्ण चुका कोई भी युवा, युवती मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 24 नवम्बर को मतदाता पंजीकरण कार्य में किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए। जेण्डर रेशियो की प्रगति में सुधार करने हेतु महिला मतदाताओं के नाम प्राथमिकता पर शामिल कराएं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान से जुड़े सभी सुपरवाइजर, अतिरिक्त निर्वाचक रजिस्टीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्टीकरण अधिकारी, निर्वाचन रजिस्टीकरण अधिकारी आदि अन्य अधिकारीगण अपने आवंटित बूथों, क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर बूथों का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही मानक के अनुसार मतदाता पंजीकरण का कार्य कराया जाना सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने जनपद के युवाओं से अपील की है कि वे 24 नवम्बर को अपने नजदीकी बूथ पर जाकर मतदाता बन सकते हैं। समस्त बूथों पर बीएलओ की उपस्थिति में पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़ने एवं अपात्र व्यक्तियों के नाम अपमार्जन तथा किसी भी प्रविष्टि को सही करने हेतु अपना आवेदन की कार्यवाही की जा सकती है।