
कम नहीं हो रहा वायु प्रदूषण, 290 के पार एक्यूआई – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – वायु प्रदूषण का प्रकोप अलीगढ़ में कम नहीं हो रहा है। शहर से लेकर आउटर के क्षेत्र वायु प्रदूषण की जद में आ रहे हैं। वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर किए जा रहे काम सिर्फ कागजी साबित हो रहे हैं। सड़क किनारे बिल्डिंग निर्माण सामग्री खुलेआम बिक रही है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं है। यही कारण है कि पीएम 2.5 से लेकर पीएम 10 की मात्रा 290 माइक्रो ग्राम घनमीटर को पार कर रही है।महानगर में हवा की गुणवत्ता में मामूली सुधार देखने को मिला, लेकिन आउटर वाले क्षेत्रों में अधिकतम वायु प्रदूषण 290 माइक्रो ग्राम घनमीटर रिकार्ड किया गया। बिल्डिंग निर्माण सामग्री के अलावा वाहनों के बढ़ते दबाव से वायु प्रदूषण में इजाफा हो रहा है। वायु प्रदूषण में इजाफा होने के साथ वातावरण में ठंड भी बढ़ने लगी है। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। वायु मंडल में नमी बढ़ने के कारण वायु प्रदूषण की समस्या बढ़ती जा रही है। ग्रीनरी वाले क्षेत्रों को छोड़ दें तो आउटर व बाजारों में वायु प्रदूषण सामान्य से अधिक रिकार्ड किया जा रहा है। एक्यूआई रोजाना रेड जोन में जा रहा है। ग्रीनरी वाले क्षेत्र में एक्यूआई केवल मॉडरेट (पीली) श्रेणी में शामिल है। 150 से 200 माइक्रो ग्राम घनमीटर तक वायु प्रदूषण को पीली श्रेणी में रखा गया है। पीएम 10 की मात्रा 200 माइक्रो ग्राम घनमीटर से अधिक होने पर रेड जोन में आ जाता है। अलीगढ़ लगातार रेड जोन में बना हुआ है।