इराक़ में संसदीय चुनाव के नतीजों के ख़िलाफ़ प्रदर्शन जारी, अमरीका और इमारात पर चुनाव नतीजों में हेरफेर का आरोप
इराक़ में जहां गत 10 अकतूबर को संसदीय चुनाव हुए थे नतीजों के ख़िलाफ़ प्रदर्शनों का क्रम जारी है।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि चुनाव नतीजों में हुई हेरफेर की जांच की जाए। प्रदर्शनकारियों ने हालिया दिनों बग़दाद में प्रदर्शनों पर सुरक्षा बलों के हमलों की भी जांच की मांग की।
यह प्रदर्शन इराक़ के कई शहरों में हुए हैं। दक्षिणी शहर बसरा में बहुत बड़े पैमाने पर प्रदर्शनकारी एकत्रित हुए।
बसरा में चुनाव आयोग के कार्यालय के सामने प्रदर्शनकारियों ने धरना भी दिया और अमरीका तथा इमारात के ख़िलाफ़ नारे लगाए।
बग़दाद में भी प्रदर्शनों का क्रम थमा नहीं है। हालिया प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा बलों के हमले में मारे गए प्रदर्शनकारियों के परिवारों और क़बीलों की ओर से भी बग़दाद में प्रदर्शन हुआ है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि गोली चलाने वालों के ख़िलाफ़ कार्यवाही की जानी चाहिए। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री मुसतफ़ा अलकाज़ेमी पर भी मुक़द्दमा चलाया जाना चाहिए।
पिछले हफ़्ते प्रदर्शनकारियों पर हमले में 4 लोग हताहत और लगभग 200 लोग घायल हो गए थे।
राजधानी बग़दाद के ग्रीन ज़ोन इलाक़े में सुरक्षा बहुत बढ़ा दी गई है। सुरक्षा बलों ने इस इलाक़े की ओर जाने वाली सारी सड़कों को बंद कर दिया है।
इराक़ के योजना मंत्रालय के सामने प्रदर्शनकारियों ने अपने टेंट लगा लिए हैं।
