
बन्नादेवी क्षेत्र में मजदूर की मौत,धक्का मारने का आरोप – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – बन्नादेवी क्षेत्र के देव मोटर्स के सामने निर्माणाधीन भवन में काम कर रहे एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर मौत हो गई। स्वजन ने निर्माणाधीन भवन के मालिक पर छत से धक्का देकर मारने का आरोप लगाया है। इसे लेकर मजदूर का शव भवन के बाहर लोगों ने देररात हंगामा भी किया। हालांकि पुलिस ने लोगों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वैष्णोधाम कालोनी निवासी 60 वर्षीय अकल मुखिया अपने कुछ साथी फूल सिंह व अन्य लोगों के साथ सात-आठ महीने से देव मोटर के सामने बन रही तीन मंजिला इमारत में मजदूरी कर रहे थे। अकल के भाई सदाशिव ने इसका ठेका लिया था। सदाशिव का आरोप है कि कल दोपहर करीब 12 बजे मकान मालिक अपने बेटे के साथ आए। उस वक्त मजदूर आराम कर रहे थे। इसे देख मकान मालिक ने गालीगलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि मालिक के बेटे ने अकल को छत से धक्का दे दिया।आनन-फानन अकल को निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां से जेएन मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। यहां उसकी मौत हो गई। इसके विरोध में सदाशिव व अन्य लोग शव को लेकर भवन के बाहर पहुंच गए। यहां हंगामा करते हुए जाम लगाने की कोशिश की। इस पर सीओ मोहसिन खान, इंस्पेक्टर सुभाष बाबू सिंह मौके पर आए। सीओ ने जांच का आश्वासन देकर लोगों को हटाया। सीओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। मजदूर की मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा।