*पेट्रोलिंग के दौरान पब्लिक एड्रेस सिस्टम से लोगों को कोरोना के बारे में जागरुक करें पुलिसकर्मी: मुख्यमंत्री योगी*
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि पुलिसकर्मी पेट्रोलिंग करते हुए यह सुनिश्चित कराएं कि कहीं भी भीड़ न इकट्ठा होने पाए साथ ही पेट्रोलिंग के दौरान पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लोगों को कोरोना से बचाव के लिए जागरुक भी किया जाए। उन्होंने कहा कि बाजारों में भी नियमित फुट पेट्रोलिंग की जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को टीम इलेवन के साथ लॉकडाउन व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अफसरों को जनता की मदद करने और कोरोना नियंत्रण के लिए बचाव कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी निराश्रितों का सहारा सरकार है। सभी जरूरतमंदों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। निराश्रितों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए एक हजार रुपये, बीमार होने की दशा में उपचार के लिए दो हजार रुपये और किसी निराश्रित व्यक्ति की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए उसके परिवार को पांच हजार रुपये देने की व्यवस्था की जाए।